बच्चों की नींद और खुशियां छीन रहा है मोबाइल : डॉ. त्रिवेंद्र

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों की नींद और खुशियां छीन रहा है मोबाइल : डॉ. त्रिवेंद्र


औरैया, 19 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहार कस्बा स्थित स्वामी विवेकानन्द इण्टर कालेज में मंगलवार को आंखों के स्वास्थ्य एवं जागरूकता विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के कैथल स्थित पटियाला आई केयर के ऑप्टोमेट्रिस्ट डॉ. त्रिवेंद्र चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों को आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य खराब करने के साथ उनकी नींद और खुशियां भी छीन रहा है। डॉ. त्रिवेंद्र ने विद्यार्थियों को गर्मियों में आंखों को बार-बार पानी से धोने, हरी सब्जियों का सेवन बढ़ाने तथा फास्ट फूड और मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह दी। उन्होंने 20-20-20 फॉर्मूला बताते हुए कहा कि 20 मिनट स्क्रीन देखने के बाद 20 सेकंड का ब्रेक लें और 20 फीट दूर देखें। इससे आंखों की एक्सरसाइज होती रहती है और आंखों में सूखापन नहीं आता। उन्होंने कहा कि समय-समय पर आंखों की जांच कराना आवश्यक है। कार्यक्रम में गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कृत किया, साथ ही ऑप्टोमैट्री क्षेत्र में कॅरियर की सम्भावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

प्रधानाचार्य किशोर ने डॉ. त्रिवेंद्र को प्रतीक चिह्न स्वरूप मिट्टी का घड़ा भेंट कर सम्मानित किया। भौतिकी प्रवक्ता रामेन्द्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि डॉ त्रिवेन्द्र चक्रवर्ती ने इसी विद्यालय से 2014 में इण्टर पास किया, तत्पश्चात बीएससी करने के बाद सैंफई मेडीकल कॉलेज से ऑप्टोमैट्री में डिप्लोमा करके वर्तमान में ऑप्टोमैट्रिस्ट के पद पर एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। कार्यक्रम में शिक्षक मिथिलेश कुमार गुप्ता,, विपुल कुमार, दीप नारायण, हरेन्द्र यादव, सूरजपाल एवं अंकेश कुमार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story