मोबाइल चार्जिंग लगाते समय किशोरी की करंट लगने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
मोबाइल चार्जिंग लगाते समय किशोरी की करंट लगने से मौत


कानपुर, 13 मई (हि.स.)। चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को मोबाइल फोन को चार्जिंग लगाते समय एक सत्रह वर्षीय किशोरी की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

इंदलपुर जुगराज गांव निवासी रामचंद्र की बेटी अंशिका नींद से उठी तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। मोबाइल चार्ज करने के लिए उसने बिजली बोर्ड में चार्जर लगाने की कोशिश की। इसी दौरान उसे तेज करंट लग गया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। कमरे से तेज आवाज आने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो अंशिका अचेत अवस्था में पड़ी थी।

परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही शुरुआती जांच में किशोरी की मौत करंट लगने से होना सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story