प्रोफेसर अभिषेक कुमार के निधन से एमएनएनआईटी में शोक

WhatsApp Channel Join Now
प्रोफेसर अभिषेक कुमार के निधन से एमएनएनआईटी में शोक


प्रयागराज, 25 मई (हि.स.)। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के अनुप्रयुक्त यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं शिक्षाविद् प्रोफेसर अभिषेक कुमार (48) का सोमवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से संस्थान परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिजनौर निवासी प्रोफेसर अभिषेक कुमार सोमवार सुबह संस्थान के आवासीय परिसर से नियमित भ्रमण के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे सड़क पर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद संस्थान के दो अन्य प्रोफेसरों ने तत्काल सहायता प्रदान करते हुए कॉलेज की एम्बुलेंस बुलवाई और उन्हें उपचार के लिए तेज बहादुर सप्रू अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रोफेसर अभिषेक कुमार अपने पीछे पत्नी सुचि चौहान तथा दो पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। संस्थान के शिक्षकों और सहकर्मियों ने उन्हें एक अत्यंत योग्य, समर्पित और विद्यार्थियों के प्रिय शिक्षक के रूप में याद किया। सहकर्मियों का कहना है कि उन्होंने शिक्षा, शोध और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा अनेक छात्रों के भविष्य निर्माण में प्रेरक भूमिका निभाई।

एमएनएनआईटी परिवार ने उनके निधन को संस्थान के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताया। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story