एमएमएमयूटी के छात्र-छात्राओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

WhatsApp Channel Join Now
एमएमएमयूटी के छात्र-छात्राओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान


गोरखपुर, 26 मई (हि.स.)। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार काे स्वैच्छिक रक्तदान कर युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। सोशल इंटर्नशिप 2026 के अंतर्गत गुरुकृपा संस्थान से संचालित सामाजिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी क्रम में बीटेक, बीबीए एवं बीफार्मा प्रथम वर्ष 2026 के छात्र-छात्राओं ने गोरखपुर चेरिटेबल ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लेकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया। युवाओं की इस सकारात्मक पहल ने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, संवेदना और मानवता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है और यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है।

कार्यक्रम संयोजक बृजेश राम त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी यदि समाज सेवा से जुड़ेगी तो देश और समाज दोनों सशक्त होंगे। इस अवसर पर गोरखपुर चेरिटेबल ब्लड बैंक के डायरेक्टर अरविन्द कुमार, चिकित्साधिकारी डॉ. ए. के. श्रीवास्तव, महेन्द्र नाथ त्रिपाठी, परवेज़ आलम, आँचल निगम, नेहा, पूजा एवं काजल का विशेष सहयोग रहा। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया।

रक्तदान करने वाले छात्र-छात्राओं में दिशा सिंह, अंकुर गुप्ता, अध्ययन मोदनवाल, रोशन कुमार सिंह, रौनक प्रजापति, सुनैन कुमार सिंह, यशराज सिंह, अमित कुमार यादव, आदित्य पाण्डेय, हरिओम प्रजापति, प्रिंस कुमार गौतम, आदर्श धर द्विवेदी, प्रज्ज्वल त्रिपाठी, अमन यादव, योगेश पाण्डेय, दिव्यांशु कसौधन एवं आर्यश सिंह विशेन प्रमुख रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को समाज सेवा के इस पुनीत कार्य के लिए सराहा गया। विद्यार्थियों की यह पहल समाज में सेवा और मानवता के प्रति नई चेतना जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

-------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story