हनुमान पार्क के विकास पर खर्च होंगे 1.93 करोड़ रुपये : मानवेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
हनुमान पार्क के विकास पर खर्च होंगे 1.93 करोड़ रुपये : मानवेंद्र सिंह


ककानपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। क्षेत्र में विकास कार्यों के जरिए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार जनहित से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से विकास को गति दे रही है। यह बातें रविवार को एमएलसी मानवेंद्र सिंह ने कहीं।

सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के कौशलपुरी वार्ड स्थित हनुमान पार्क के विकास के लिए एक करोड़ 93 लाख 85 हजार रुपये की परियोजना का शिलान्यास किया गया। एमएलसी मानवेंद्र सिंह ने अपनी विधायक निधि से स्वीकृत इस धनराशि से होने वाले कार्यों का भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के साथ भूमि पूजन किया।

परियोजना के तहत पार्क में हॉल और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही सबमर्सिबल पंप लगाने और पार्क के सुंदरीकरण समेत अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। इन सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय लोगों को सार्वजनिक आयोजनों और दैनिक उपयोग के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि स्वीकृत धनराशि से पार्क में जरूरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

इस मौके पर सुरेश अवस्थी, जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा, वीरेश त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, पार्षद लक्ष्मी कोरी, शिवेंद्र प्रताप सिंह, अंकुर शर्मा, नीरज भट्ट, विवेक पांडे, नीरज तिवारी और कंवलजीत सिंह सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story