एमएलसी ने नाथ बाबा मंदिर के पास सड़क जल जमाव का निरीक्षण किया, जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
एमएलसी ने नाथ बाबा मंदिर के पास सड़क जल जमाव का निरीक्षण किया, जताई नाराजगी


देवरिया, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के रुद्रपुर में एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह ने साेमवार काे रुद्रपुर-गौरी बाजार मार्ग पर नाथ बाबा मंदिर के पास सड़क पर हुए जल जमाव का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की खराब स्थिति और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने पर संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त की।

एमएलसी ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र के प्रमुख आवागमन मार्गों में से एक है, जिसका उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग करते हैं। सड़क पर जल जमाव से राहगीरों को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि नालियों की समय पर सफाई न होने के कारण पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इस पर एमएलसी ने संबंधित विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समस्या का जल्द समाधान न होने पर कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान तहसील प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार अनिल तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एमएलसी को आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं बताईं। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story