एमएलसी चुनाव: विद्यासागर सोनकर ने किया मतदान, विपक्ष के आरोपों को बताया निराधार

WhatsApp Channel Join Now
एमएलसी चुनाव: विद्यासागर सोनकर ने किया मतदान, विपक्ष के आरोपों को बताया निराधार


जौनपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 67,172 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान के लिए 90 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के बाद बातचीत में विद्यासागर सोनकर ने कहा कि वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों प्रत्याशियों की जीत के लिए पार्टी पूरी तरह जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि लोगों की इच्छा है कि भाजपा के दोनों प्रत्याशी जीतकर उच्च सदन में पहुंचें।

विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। चुनाव आयोग अपना काम निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त को हटाने का कोई सवाल नहीं है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान वोट काटे जाने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए सोनकर ने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची के नवीनीकरण के लिए है। जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जो मतदाता नहीं हैं, उनके नाम सूची से हटाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का समय-समय पर नवीनीकरण जरूरी है, ताकि वास्तविक मतदाताओं की संख्या स्पष्ट हो सके।

उन्होंने कहा कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव अलग प्रकृति का है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण का आगामी चुनावों पर क्या प्रभाव पड़ेगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपना कार्य कर रहा है और देश में चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765386 Articles

Share this story