विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न


बाराबंकी 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन 2026 के लिए नियुक्त पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों और माइक्रो ऑब्जर्वरों का द्वितीय प्रशिक्षण शनिवार को डीआरडीए स्थित गांधी सभागार में संपन्न हुआ। मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा ने कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया का गंभीरता से अध्ययन कर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि मतदान के दिन अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता से कर सकें। उन्होंने मतदाताओं की पहचान, मतपत्र वितरण, मतदान की गोपनीयता और निर्धारित प्रपत्रों को सही ढंग से भरने सहित सभी प्रक्रियाओं की जानकारी रखने पर जोर दिया।

जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार ने माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतदान प्रक्रिया पर निष्पक्ष नजर रखने और निर्धारित प्रपत्रों में सही जानकारी दर्ज कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी विसंगति की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रिपोर्ट करने को कहा।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने मतदान के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। मतपेटी खोलने और सील करने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही मतदान अभिलेखों के रखरखाव, मतपत्रों के प्रबंधन तथा मतदान समाप्ति के बाद निर्वाचन सामग्री जमा कराने की प्रक्रिया समझाई गई। आशीष पाठक ने पीपीटी के माध्यम से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर प्रस्तुतीकरण दिया। प्रशिक्षण में संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story