बिजली समस्या को लेकर विधायक राजेश्वर सिंह ने ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र
लखनऊ, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इस प्रचंड गर्मी में एसी, कूलर एवं वातावरण को ठंडा करने वाली मशीनों आदि का प्रयोग अधिक होने से बिजली की खपत (मांग) भी बढ़ गई है। इस बढ़ती बिजली की खपत के चलते बिजली आपूर्ति पर लोड बढ़ा गया है। बिजली की मांग बढ़ने से फॉल्ट भी अधिक हो रहे हैं, जिसका असर निर्धारित कटौती से अधिक बिजली की आपूर्ति बाधित होने के रूप में सामने आ रही हैं। इस कटौती से बढ़ रही जन समस्या को लेकर लखनऊ के सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राजेश्वर सिंह ने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को पत्र लिखा है।
अपने पत्र में विधायक ने लिखा कि लखनऊ सहित अनेक क्षेत्रों में वर्तमान में भीषण गर्मी के दौरान विद्युत आपूर्ति की स्थिति गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। बार-बार बिजली बाधित होना, लो लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर ओवरलोड, फीडर ट्रिपिंग, अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट, फ्यूज फैलयर तथा शिकायतों के निस्तारण में देरी के कारण आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है। यह समस्या केवल वर्तमान सीजन की नहीं है, बल्कि पिछले वर्ष भी गर्मी के दौरान कई क्षेत्रों में इसी प्रकार की शिकायतें सामने आई थीं। इसलिए इस वर्ष की मौजूदा समस्याएं और पिछले वर्ष की समस्याओं को साथ रखकर पूरी समीक्षा किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
विशेष रूप से मेरे विधानसभा क्षेत्र सरोजनी नगर के अंतर्गत निम्न पावरहाउस क्षेत्रों में सबसे अधिक विद्युत समस्याएं सामने आ रही हैं। इन क्षेत्रों में लगातार लो वोल्टेज, रिपेयर्ड ट्रिपिंग, ट्रांसफार्मर ओवरलोड तथा लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिससे स्थानीय जनता को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बिजली सुधार के लिए उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों को भी विधायक ने ऊर्जा मंत्री को सुझाव सहित पत्र भेजा है।
इन सुझावों में प्रमुख रूप से राजधानी लखनऊ समेत अन्य स्थलों के लिए बेहतर सप्लाई हेतु कार्य योजना, विद्युत समस्या से निपटने के लिए राज्य से सब स्टेशन स्तर तक की कार्य योजना, भीषण गर्मी के दौरान विद्युत मैनेजमेंट बेहतर बनाने के साथ सप्लाई उपलब्ध कराने के लिए अमेरिका, सिंगापुर जैसा मॉडल अपनाने की बात कही है।
बीते दिनों लखनऊ उत्तरी के विधायक नीरज बोरा भी ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने भी अपनी विधानसभा में बिजली की आवाजाही और जन समस्या को उठाया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

