लखनऊ में बिजली कटौती के समाधान को लेकर विधायक नीरज बोरा ने ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र
लखनऊ, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज क्षेत्र में बीते तीन दिनों से बिजली कटौती के मामले में लखनऊ उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नीरज बोरा ने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को मंगलवार को पत्र लिखा है। विधायक ने लगातार बिजली कटौती से बेहाल हो रही जनता का हवाला देते हुए समाधान कराने की बात कही है। अघोषित बिजली कटौती से जनता में आक्रोशित होने की बात कही गई है।
विधायक नीरज बोरा ने ऊर्जा मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र स्थित फैजुल्लागंज के चारों वार्ड में पिछले तीन दिन से लगातार अघोषित बिजली कटौती हो रही है। जनता बेहाल है, आक्रोशित है। अतः मेरा आपसे अनुरोध है कि कृपया मुख्य अभियंता, लेसा ट्रांसगोमती, लखनऊ को आदेशित करने की कृपा करें कि वे आज (मंगलवार) को मेरे कैम्प कार्यालय सेवा हास्पिटल परिसर, सीतापुर रोड, लखनऊ पर स्वयं, सम्बन्धित अधिशासी अभियंता व अन्य अधिकारियों के साथ पहुंचकर वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए तत्काल विद्युत आपूर्ति समस्या का समाधान सुनिश्चित करायें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

