राफाका नाला सफाई में लापरवाही पर नगर आयुक्त को विधायक सुरेंद्र मैथानी का पत्र, जलभराव की आशंका जताई

WhatsApp Channel Join Now
राफाका नाला सफाई में लापरवाही पर नगर आयुक्त को विधायक सुरेंद्र मैथानी का पत्र, जलभराव की आशंका जताई


कानपुर, 14 जून (हि.स.)। राफाका नाला की समुचित और गुणवत्तापूर्ण सफाई समय रहते सुनिश्चित की जाए, अन्यथा बरसात में क्षेत्र के हजारों लोगों को जलभराव और उससे जुड़ी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। यह बातें रविवार को भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने नगर आयुक्त को भेजे गए पत्र में कही।

गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड-08 (जोन-06) में मसानपुर से लोहियावती पुलिया तक फैले राफाका नाला की सफाई में कथित लापरवाही को लेकर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में कहा कि क्षेत्रीय नागरिकों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि नाले की सफाई निर्धारित समय पर और अपेक्षित गुणवत्ता के साथ नहीं कराई जा रही है। नगर निगम द्वारा सफाई कार्य का ठेका दिए जाने के बावजूद अब तक कार्य संतोषजनक स्तर पर नहीं पहुंच सका है।

पत्र के अनुसार नाला वर्तमान में घास-फूस, झाड़ियों और कूड़े-कचरे से भरा हुआ है, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि मानसून का समय शुरू होने वाला है और यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो क्षेत्र में व्यापक जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि पहली ही तेज वर्षा में सराय, लोहियावती पुलिया और मसानपुर क्षेत्र जलभराव की चपेट में आ सकते हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी, घरों और दुकानों में पानी भरने से आर्थिक नुकसान तथा दूषित जल के कारण संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ सकता है।

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक सुरेंद्र मैथानी ने नगर आयुक्त से राफाका नाला की प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित कराने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है, जिससे संभावित जलभराव और जनस्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story