जनता के बीच पहुंचे विधायक, समस्याओं के समाधान का अस्वासन : शलभ मणि

WhatsApp Channel Join Now
जनता के बीच पहुंचे विधायक, समस्याओं के समाधान का अस्वासन : शलभ मणि


देवरिया, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश देवरिया जनपद में बैतालपुर बाजार सोमवार को राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का केंद्र बना रहा। यहां आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने आम लोगों, व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह संवादात्मक रहा ।

विधायक डॉ शलभ मणि ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव, कस्बों और शहरों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है और आने वाले समय में बैतालपुर क्षेत्र को भी कई नई परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।

जनसंवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जलनिकासी, खराब सड़कों और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की बात कहते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद विकास की गति को तेज करता है।

युवाओं ने रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंता जाहिर की। इस पर विधायक ने कहा कि प्रदेश में कौशल विकास और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपने सुझाव भी रखे। विधायक ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story