लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह


मुरादाबाद, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले की कुंदरकी विधानसभा से विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से उन्हें अवगत कराया। कुंदरकी विधायक ने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सुरक्षा एवं प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री को विभिन्न मांग पत्र सौंपे।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने विकास खंड मूंढापांडे में पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय एवं तहसील मुख्यालय की स्थापना, ग्राम लक्ष्मीपुर कट्टई में बस स्टैंड, ग्राम खरकपुर बाजे में नवीन विद्युत उपकेंद्र तथा ग्राम पंचायत लालाटीकर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्थापित कराने की मांग रखी।

उन्होंने क्षेत्र के छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए ग्राम डींगरपुर अथवा जटपुरा में राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इसके साथ ही विधायक ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की धर्मार्थ योजना के अंतर्गत विभिन्न सड़कों एवं संपर्क मार्गों के नव निर्माण की स्वीकृति प्रदान किए जाने का अनुरोध किया।

रामगंगा नदी पर लोधीपुर-बिकनपुर मार्ग स्थित क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण, मरम्मत, जलभराव एवं आवागमन की समस्या के समाधान तथा क्षेत्र में स्थित एसईजेड के संपर्क मार्ग के शीघ्र चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। विधायक रामवीर सिंह ने मूंढापांडे के ग्राम सिरसखेड़ा में स्वीकृत नवीन जिला कारागार का भूमि पूजन,शिलान्यास मुख्यमंत्री के कर-कमलों से कराए जाने का भी अनुरोध किया है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story