शक्ति दुबे की सफलता प्रयागराज के लिए गौरव की बात : पूजा पाल

-विधायक पूजा पाल ने शक्ति दुबे को दी बधाई, किया सम्मानितप्रयागराज, 25 अप्रैल (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में पूरे देश में टॉप करने वाली शक्ति दुबे के घर पर शुक्रवार को भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। चायल कौशाम्बी से विधायक पूजा पाल ने मामा भांजा तालाब स्थित शक्ति दुबे के आवास पहुंचकर उनकी मां प्रेमा देवी और पिता देवेंद्र दुबे को भी सम्मानित किया। विधायक पूजा पाल ने कहा कि पहले प्रयागराज से माफिया निकलते थे, अब प्रयागराज से आईएएस बनकर निकल रहे हैं। शक्ति दुबे की उपलब्धि महिला सशक्तीकरण और प्रेरणा है। अब महिलाएं भी उच्चतम स्तर पर पहुंच सकती हैं और समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्रयागराज की शक्ति दुबे की उपलब्धि वास्तव में समाज के लिए गर्व की बात है। उनके द्वारा देश की सबसे बड़ी परीक्षा में सफल होना प्रयागराज के लिए गौरव प्रदान करने वाला है।
शक्ति दुबे को बधाई देते हुए पूजा पाल ने कहा कि एक सामान्य परिवार की बेटी ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर साबित कर दिया कि अगर ठान लिया जाए तो कुछ भी असम्भव नहीं है। उन्हाेंने कहा कि शक्ति दुबे ने संघ लोक सेवा आयोग की आईएएस परीक्षा में प्रथम रैंक प्राप्त कर प्रयागराज और पूरे उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। पूजा पाल ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि शक्ति दुबे अपने कार्यकाल में गरीबों की मदद करने और माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को प्राथमिकता देंगी। प्रयागराज में अब नई प्रतिभाओं का उदय हो रहा है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्रयागराज में प्रतिभाशाली लोग हैं जो उच्चतम स्तर पर पहुंच सकते हैं। उनके लिए वे प्रेरणा हैं। नई प्रतिभाओं के उदय से समाज में सुधार हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र