मंडी में अव्यवस्थाओं पर बबीना विधायक भड़के,जिलाधिकारी को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में अव्यवस्थाओं पर बबीना विधायक भड़के,जिलाधिकारी को लिखा पत्र


बारदाने की कमी व अवैध वसूली की शिकायत, कार्रवाई की मांग

झांसी, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने जिले की कृषि मंडियों में अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि भोजला और चिरगांव स्थित गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि मंडियों में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दो से तीन दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर दलालों द्वारा अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे किसानों में नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं, लेकिन इसके बावजूद मंडियों में अनियमितताएं बनी हुई हैं, जो सरकार की छवि को प्रभावित कर रही हैं।

विधायक ने जिलाधिकारी मृदुल चौधरी से मांग की है कि मंडियों में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराया जाए और अवैध वसूली व उत्पीड़न पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही उन्होंने मामले में की गई कार्रवाई से अवगत कराने को भी कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story