मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने किया मेडिकल कॉलेज का शैक्षिक भ्रमण

WhatsApp Channel Join Now
मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने किया मेडिकल कॉलेज का शैक्षिक भ्रमण


मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने किया मेडिकल कॉलेज का शैक्षिक भ्रमण


औरैया, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय गौरी गंगा प्रसाद की छात्राओं ने शनिवार को चिचोली स्थित पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने चिकित्सा महाविद्यालय की आधुनिक व्यवस्थाओं को करीब से देखा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने मनोचिकित्सक से संवाद कर मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा। उन्हें तनाव प्रबंधन के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं और विशेषज्ञ से सवाल पूछकर जानकारी प्राप्त की।

शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करना था। छात्राओं ने मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा तथा चिकित्सा सेवाओं से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी हासिल की।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित इस पहल से छात्राओं को न केवल स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं, बल्कि उन्हें भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने की संभावनाओं को समझने का अवसर भी मिला। इस प्रकार का शैक्षिक भ्रमण बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, जागरूकता विकसित करने और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762339 Articles

Share this story