जनसुनवाई ने साकार किया मिशन शक्ति 5.0 का संकल्प, दिव्यांग मां-बेटी का पूरा हुआ सपना

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई ने साकार किया मिशन शक्ति 5.0 का संकल्प, दिव्यांग मां-बेटी का पूरा हुआ सपना


उरई, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उरई में मिशन शक्ति 5.0 अभियान निरंतर नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की अलख जगा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की जनसुनवाई के दौरान संवेदनशीलता और मानवता का प्रेरक उदाहरण सामने आया। यहां

फरियाद लेकर उमरारखेड़ा निवासी दिव्यांग देवेंद्र प्रताप सिंह, पत्नी क्रांति देवी व उनकी पुत्री निहारिका गौतम पहुंचे।

बाहर खड़ी क्षेत्राधिकारी उरई अर्चना सिंह ने दिव्यांग दंपति को देखकर तुरंत सहारा दिया और उन्हें जिलाधिकारी तक पहुंचाया। वहीं जैसे ही वे अंदर पहुंचे, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने अपनी कुर्सी छोड़कर दिव्यांग मां-बेटी को बिठाया। जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उनकी समस्या काे ध्यान से सुना। प्रार्थना पत्र में दंपति ने बताया कि उनकी पुत्री निहारिका, जो कक्षा 10 की छात्रा है की फीस भरने में वे असमर्थ हैं और परिवार के पास रहने के लिए आवास भी नहीं है।

इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को छात्रा की पढ़ाई सुनिश्चित करने और आवास उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारी को शाम तक संपूर्ण कार्यवाही पूर्ण कर आवास और अन्य प्रबंधन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिए। यह पहल मिशन शक्ति 5.0 की भावना को जीवंत करती है, जहां शासन-प्रशासन सिर्फ योजनाओं तक सीमित न रहकर संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं के सपनों को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

Share this story