पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में मिशन लाइफ अभियान, यात्रियों के बीच जनजागरण

WhatsApp Channel Join Now
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में मिशन लाइफ अभियान, यात्रियों के बीच जनजागरण


-पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की अपील

वाराणसी, 26 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय के दिशा निर्देश में मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) अभियान चलाया जा रहा है। अपनी परंपराओं, संरक्षण और संयम के मूल्यों और पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली को अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों को बचाने का संदेश यात्रियों को दिया जा रहा है। पर्यावरण में हो रहे जलवायु परिवर्तन का मुकाबला करने के उपकरण के रूप में अभियान को धार देने के लिए शुक्रवार को बलिया रेलवे स्टेशन पर जन जागरूकता अभियान में रैली निकालने के बाद श्रमदान किया गया।

वाराणसी मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार श्रमदान के बाद वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर आलोक केशरवानी के नेतृत्व में स्टेशन अधीक्षक, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, वाणिज्य अधीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक एवं कर्मचारियों के साथ 150 रेल यात्रियों को पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने के लिए शपथ दिलाई गई। इसके अलावा जीरो प्लास्टिक कन्जम्शन के अंतर्गत बलिया स्टेशन के पैदल उपरिगामी पुलों, प्लेटफार्मों एवं गुजरने वाली गाड़ियों में यात्रियों को प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। यात्रियों में प्लास्टिक के थैले के स्थान पर कपड़े की थैली का निःशुल्क वितरण किया गया। स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों ने बलिया स्टेशन परिसर में स्वच्छता रैली निकालकर पौधरोपण भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर/प्रभात

Share this story