मिशन-2027 में गोरखपुर क्षेत्र की सभी 62 विधानसभा सीटों पर भाजपा की हाेगी जीत : विनोद राय

WhatsApp Channel Join Now
मिशन-2027 में गोरखपुर क्षेत्र की सभी 62 विधानसभा सीटों पर भाजपा की हाेगी जीत : विनोद राय




गोरखपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने विश्वास जताते हुए कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गोरखपुर क्षेत्र की सभी 62 विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी विजय का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसा परिश्रमी, लोकप्रिय और जनविश्वास से परिपूर्ण नेतृत्व है। मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर तक सुदृढ़ संरचना के बल पर भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी।

मंगलवार को छात्रसंघ चौराहा स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित 'प्रेस से मिलिए' कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि भाजपा का संगठन केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होता, बल्कि वर्षभर जनता के बीच रहकर सेवा, संवाद और संगठन विस्तार का कार्य करता है। यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रत्येक बूथ को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बनाया है। बूथ समितियों से लेकर मंडल, जिला और क्षेत्रीय स्तर तक कार्यकर्ताओं का मजबूत नेटवर्क भाजपा को अन्य दलों से अलग पहचान देता है। इसी संगठनात्मक शक्ति के बल पर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करेगी।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए विनोद राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल जनता को भ्रमित करने और विकास की गति रोकने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और कानून-व्यवस्था से पूरी तरह संतुष्ट है। विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को जनता 2027 में पूरी तरह नकार देगी।

अपने गृह जनपद आजमगढ़ में लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों का लाभ जनता तक पहुंचा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा आजमगढ़ में भी नया इतिहास रचेगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 22 जुलाई को गोरखपुर क्षेत्र की सभी 62 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। प्रदेश, क्षेत्र और जिला संगठन द्वारा इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन मिशन-2027 की औपचारिक शुरुआत साबित होगा। सम्मेलन के माध्यम से बूथ अध्यक्षों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा तथा उन्हें संगठन की आगामी रणनीति और चुनावी दायित्वों से अवगत कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रत्येक बूथ को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाना है। बूथ अध्यक्ष ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं और उनके नेतृत्व में प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगा। इसी सशक्त बूथ प्रबंधन का परिणाम 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय के रूप में सामने आएगा।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने संगठन, आगामी चुनाव, विपक्ष की रणनीति और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका क्षेत्रीय अध्यक्ष ने विस्तार से उत्तर दिया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय 'नवीन', सह मीडिया प्रभारी राहुल तिवारी तथा महानगर मीडिया प्रभारी चंदन आर्य सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story