खेल रही तीन वर्षीय मासूम अचानक हुई लापता, गोबर से भरे गड्ढे में मिला शव

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कमासिन थाना क्षेत्र के अछरील गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर भाई के साथ खेल रही तीन वर्षीय मासूम अचानक लापता हो गई। परिजनों ने देर शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी ग्रामीणों के साथ मिलकर पूरी रात बच्ची की तलाश की। शुक्रवार सुबह बच्ची का शव घर के पास करीब 10 फीट गहरे गोबर से भरे गड्ढे में मिला। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार अछरील गांव निवासी विकास सिंह की तीन वर्षीय बेटी परी अपने भाई के साथ घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर के समीप स्थित गोबर से भरे गहरे गड्ढे में गिर गई। बारिश के चलते गड्ढे में गोबर के साथ पानी भी भरा हुआ था। बच्ची के गड्ढे में गिरने की भनक किसी को नहीं लगी।

शाम होने तक जब परी घर नहीं पहुंची तो उसकी बड़ी बहन और परिवार के अन्य सदस्य उसकी तलाश में जुट गए। आसपास के घरों, रास्तों और गांव के संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कमासिन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में करीब एक दर्जन पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रातभर बच्ची की तलाश की। गांव के आसपास के संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली।

मृतका के चाचा तेज प्रकाश सिंह के मुताबिक शुक्रवार सुबह गांव के शिव बहादुर और छोटा मिश्रा ने गोबर से भरे गड्ढे में बच्ची का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को गड्ढे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि किसान बरसात के मौसम में अपने पशुओं का गोबर गड्ढों में एकत्र करते हैं, जिसे बाद में खाद के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इसी तरह का करीब 10 फीट गहरा गड्ढा मासूम परी के लिए जानलेवा साबित हुआ।

कमासिन थाना के उपनिरीक्षक मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्ची की खोजबीन की जा रही थी। शव बरामद होने के बाद बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है की बच्ची की मौत दुर्घटना के कारण हुई है या फिर कोई और वजह से मौत हुई है।

मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि 13/14 अगस्त को रात्रि को थाना कमासिन से सूचना प्राप्त हुई कि एक तीन वर्षीय बच्ची घर के बाहर से लापता है। सूचना पर तत्काल पुलिस द्वारा तहरीर प्राप्त कर समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया था। बच्ची की तलाश की गई तो ज्ञात हुआ कि उक्त बच्ची घर के पास ही बने गड्ढे में जिसमें बरसाती पानी भरा हुआ था उसमें मृत अवस्था में पड़ी है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बच्ची उक्त गड्ढे में खेलते हुए गिर गई थी जिससे उसकी दुखद मृत्यु हो गई। मृत्यु के कारण को स्पष्ट करने हेतु पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story