जीआरपी की तत्परता से लापता किशोरी मिली, परिजनों को सौंपा
कानपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार काे लापता हुई किशोरी को जीआरपी ने कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए सीसीटीवी के आधार पर सघन तलाश अभियान चलाया और बच्ची को खोज निकाला। साथ ही उसे उसके पिता को सौंप दिया।
मूलरूप से बरी रोड बालागंज लखनऊ निवासी अरविंद कुमार शर्मा ने जीआरपी थाने में सूचना दी कि उनकी लगभग 14 वर्षीय पुत्री प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 से अचानक लापता हो गई है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई पता नहीं चला, तब उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में टीम सक्रिय हो गई। तत्काल रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर व यात्री प्रतीक्षालय सहित आसपास के स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया गया।
तलाश के दौरान किशोरी दिल्ली साइड पैदल पुल के पास अकेली बैठी हुई मिली। पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर थाने लाया, जहां परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद पहचान की प्रक्रिया पूरी कर किशोरी को उसके पिता अरविंद कुमार शर्मा काे सुपुर्द कर दिया गया।
इस संबंध में जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया, तत्काल कार्रवाई कर किशोरी को सकुशल बरामद किया गया।
पूरी कार्रवाई में जीआरपी टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सका, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

