नशेबाज ने पुलिसकर्मियों से की अभद्रता, वर्दी फाड़ने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
नशेबाज ने पुलिसकर्मियों से की अभद्रता, वर्दी फाड़ने का आरोप


औरैया, 07 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सुगंधा (कटघरा) में शराब के नशे में एक युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और हाथापाई कर दी। पीआरवी टीम ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को देते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल शिवकिशोर वर्मा अपने होमगार्ड साथी बृजेश कुमार के साथ 6 मार्च को ड्यूटी पर थे। रात करीब 10:35 बजे इवेंट नंबर से सूचना मिली कि अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम सुगंधा (कटघरा) निवासी विशाल ने डायल 112 पर कॉल कर बताया कि उसका भाई शिवकुमार शराब के नशे में घर में उत्पात मचा रहा है। उसकी हरकत की वजह से परिवार के लोग काफी परेशान है।

सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पाया कि शिवकुमार शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी से हाथापाई करते हुए वर्दी भी फाड़ दी।

इस बीच शिवकुमार की मां त्रिवेणी देवी और भाई विशाल भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई की। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने मामले की सूचना थाना अयाना को दी। आरोप है कि इसके बाद वे लोग पुलिस पर झूठे आरोप लगाने और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित पुलिसकर्मी ने पूरे मामले की लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अयाना थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। तहरीर के आधार मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही हैं।----------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story