डीएम का हलिया सीएचसी पर औचक निरीक्षण, एमओआईसी की अनुपस्थिति पर प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम का हलिया सीएचसी पर औचक निरीक्षण, एमओआईसी की अनुपस्थिति पर प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश


मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ हलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कई अनियमितताएं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) डॉ. अवधेश कुमार बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित मिले। साथ ही वह बिना अनुमति जिला मुख्यालय से बाहर पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। दवा वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पाया गया कि दवा वितरण कक्ष में दवाओं का कोई व्यवस्थित इंडेक्स नहीं बनाया गया था और न ही वितरण का समुचित अभिलेख संधारित किया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही पर फार्मासिस्ट अजय कुमार कुशवाहा को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने, दवाओं का समुचित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने हलिया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भटवारी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई से जुड़े प्रश्न पूछे और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा नियमित पठन-पाठन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

--------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story