प्रेमी से झगड़े के बाद नाबालिग प्रेमिका का गंगा में मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
प्रेमी से झगड़े के बाद नाबालिग प्रेमिका का गंगा में मिला शव


कानपुर, 28 फरवरी (हि.स.)। ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमी से झगड़ा हाेने के बाद नाबालिग प्रेमिका का संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार को गंगा नदी किनारे शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पड़ताल में जुट गई है। शुरुआती जांच में नदी में कूदकर आत्महत्या की बात सामने आ रही है।

एफएम कॉलोनी के रहने वाले शैलेश कुमार फास्ट फूड का ठेला लगाकर परिवार का जीवन यापन करते हैं। घर में पत्नी बिन्नू, बेटे समीर, कार्तिक और बेटी आनंदी (16) है। बेटी सिविल लाइंस स्थित एमजी कॉलेज से आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी।

परिजनों ने बताया कि बीते छह महीने से आनंदी का पी रोड में रहने वाले अभिषेक नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जानकारी होने पर परिजन शादी को भी राजी हो गए थे। हालांकि उन्होंने कहा कि बालिग होते ही उसकी शादी करवा देंगे।

आगे उन्होंने बताया कि बीती रात दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई। रात भर उसे खोजा गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन पुलिस द्वारा उन्हें सूचना मिली कि बेटी का शव परमट घाट स्थित गंगा किनारे पड़ा मिला है।

एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story