डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश सेवा, सुरक्षा, सुशासन की पहचान : स्वतंत्र देव सिंह

WhatsApp Channel Join Now
डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश सेवा, सुरक्षा, सुशासन की पहचान : स्वतंत्र देव सिंह


--सपा शासन में गुंडों और आतंकियों का बम फूटता था, आज यूपी में हर-हर बम बम गूंज रहा : स्वतंत्र देव सिंह

प्रयागराज, 20 मार्च (हि.स)। उत्तर प्रदेश की भाजपा की डबल इंजन की सरकार के ‘नवनिर्माण के 09 वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर प्रयागराज आए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मोदी योगी की डबल इंजन की सरकार सेवा सुरक्षा सुशासन एवं विकास की परिवर्तन की अनूठी पहचान बन चुकी है।

सर्किट हाउस में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि आज कानून व्यवस्था इतनी मजबूत हुई है कि देश की बेटियां किसी भी कोने में आधी रात को बेखौफ आ-जा सकती है। गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है और निःशुल्क इलाज हो रहा है। किसानों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं उत्तर प्रदेश विकसित राज्य बनकर उभर रहा है। दुनिया के लोग यहां निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी एवं योगी की चाहत है गरीबों को चांदी की चम्मच से भोजन कराएं। इसलिए उत्तर प्रदेश की डबल इंजन की सरकारी गरीबों के कल्याण के लिए हर कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब प्रदेश के अंदर सपा का शासन था और उत्तर प्रदेश में आए दिन गुंडों और आतंकियों का बम फूटता था। आज डबल इंजन की सरकार में हर-हर बम बम गूंज रहा है, विकास की धारा बह रही है। अयोध्या में श्री राम मंदिर और बाबा महादेव की नगरी काशी में काशी कॉरिडोर का, विंध्याचल कॉरिडोर चित्रकूट धाम, श्रृंगवेरपुर धाम निर्माण किया गया और प्रयागराज का दिव्य और भव्य महाकुंभ दुनिया के लिए मिसाल बना। उत्तर प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा, जल मार्ग, वायु मार्ग की कनेक्टिविटी विकास की एक नई पहचान बनी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशल विदेशी रणनीति और नीति के कारण ही रूस और यूक्रेन युद्ध के समय भारतीय वहां से सुरक्षित अपने देश आए थे और आज अमेरिका इजरायल और ईरान के युद्ध के समय भी वहां फंसे बेटे और बेटियां चाहे हिंदू की हो या मुसलमान की सुरक्षित भारत आ रहे हैं। योगी सरकार के कारण प्रदेश के गुंडे कुछ तो ऊपर चले गए और कुछ अभी भी छिपे बैठे हुए हैं। इसलिए आप लोग इन्हें अवसर मत दीजिएगा। उत्तर प्रदेश को खुशहाल बनाए रखने के लिए मोदी और योगी को मत भूलिएगा। बस आप उनकी ताकत बनकर खड़े रहिएगा बाकी काम मोदी और योगी कर देंगे।

इस दौरान प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का सांसद प्रवीण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बीके सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद, गुरु प्रसाद मौर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, क्षेत्रीय महामंत्री संतोष सिंह पटेल, उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, गंगा पार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी, धनंजय सिंह, पुष्पराज सिंह, आदि अन्य कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story