मंत्री नन्दी ने ‘मां की रसोई’ में किया सेवा कार्य, लोगों के साथ बैठकर किया भोजन

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री नन्दी ने ‘मां की रसोई’ में किया सेवा कार्य, लोगों के साथ बैठकर किया भोजन


प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने गुरुवार को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल परिसर में संचालित ‘मां की रसोई’ पहुंचकर सेवा कार्य किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों के परिजनों को स्वयं भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक अग्रवाल द्वारा उनकी वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर किया गया था। इस मौके पर डॉ. अग्रवाल ने अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजनों को भोजन कराकर सेवा का संदेश दिया। मंत्री नन्दी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इस पहल की सराहना की।

मंत्री नन्दी ने ‘मां की रसोई’ में भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज में सहयोग और संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं।

इसके बाद मंत्री नन्दी ने अतरसुईया, मुट्ठीगंज और सिविल लाइंस क्षेत्र में विभिन्न लोगों के आवास पर पहुंचकर परिवारजनों से मुलाकात की। वहीं करेली के जीटीबी नगर में भाजपा कार्यकर्ता ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव के घर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सहभोज किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री नन्दी ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और रात्रि विश्राम भी जीटीबी नगर स्थित कार्यकर्ता के आवास पर किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story