मथुरा के पत्रकारों की समस्याओं का समाधान मुख्यमंत्री से करायेंगे : मनोज कुमार पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा के पत्रकारों की समस्याओं का समाधान मुख्यमंत्री से करायेंगे : मनोज कुमार पांडेय


पत्रकार अपनी खबरों में भी ब्रजभाषा का समावेश करें : डा. बबीता सिंह चौहानएनयूजेआई व ब्रज प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मनाया गया 34 वां पत्रकारिता दिवस समारोह

मथुरा, 19 जून (हि.स.)। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया व ब्रज प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को 34वें पत्रकारिता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें पत्रकारों के वर्तमान दशा, दिशा और चुनौतियों पर विचार विमर्श हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा.बबीता सिंह चौहान, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जगप्रवेश, एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाद समिति के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी, नेशनल यूनियन जर्नलिस्ट ऑफ़ इंडिया के निर्वाचक आयुक्त दधिबल यादव ने दीप प्रज्जवलन व मां सरस्वती के छवि चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

मुख्य अतिथि खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि पत्रकारों का अतीत स्वर्णिम था आज के दौर में पत्रकारों के समक्ष चुनौतियां हैं। पत्रकारों को इन चुनौतियों का ईमानदारी एवं निर्भीकता के साथ मुकाबला करके स्वर्णिम भविष्य सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि मथुरा के पत्रकारों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए मुख्यमंत्री से मिलेंगे और प्रेस क्लब के लिए जगह की व्यवस्था कराने का प्रयास भी करेंगे।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा डा.बबीता सिंह चौहान ने कहा कि मैं भी ब्रज की ही बेटी हूं व ब्रज की महिला पत्रकारों व अन्य सभी पत्रकारों के साथ खड़ी हुई हूं। ब्रज संघर्ष की नगरी है और पत्रकार अपनी खबरों में भी ब्रजभाषा का समावेश करें।

उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी ने कहा कि आज एआई का युग आ गया है, यह पत्रकारों को बेरोजगार कर रहा है। पत्रकारों को आईना दूसरों को दिखाने के साथ-साथ ही खुद भी समय-समय पर आईना देखना चाहिए। उन्होंने कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय से कहा कि इस कार्यक्रम में लगभग ढाई घंटे में 72 बार लाइट गुल हुई है आप (मनोज कुमार पांडेय) अपने मित्र ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से कहकर सुधार करवाएँ।

एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियां हो रही हैं। उनके हितों के संरक्षण के लिए कोई विशेष कानून नहीं है जिससे पत्रकारों पर हमलों में बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने देशभर में पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की।

जिलाधिकारी चंदप्रकाश सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पत्रकारों को देखकर अच्छा महसूस हो रहा है। समाजहित में पत्रकार इसी प्रकार से कार्य करते रहें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण हैं।

कार्यक्रम को दिल्ली जर्नलस्टि एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश थपलियाल, एनयूजेआई चुनाव आयोग के अध्यक्ष रधिबल यादव, जर्नलिस्ट एसोसिएशन प्रदेश संयोजक राकेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी, विश्वहिन्दू परिषद के ब्रज प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल, समाजसेवी प्रमोद कसेरे ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

एनयूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ.कमल कान्त उपमन्यु एडवोकेट ने कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय के समक्ष 2014 में उनके द्वारा किए गए वायदे को याद दिलाते हुए ब्रज प्रेस क्लब बनवाने की पुन: मांग की। उन्होंने संगोष्ठी में आए सभी पत्रकारों को स्मृति चिन्ह देते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार अनूप शर्मा ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story