खाद की कालाबाजारी पर प्रभारी मंत्री सख्त, बोले- किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं; अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही

WhatsApp Channel Join Now
खाद की कालाबाजारी पर प्रभारी मंत्री सख्त, बोले- किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं; अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही


ओवररेटिंग और अवैध भंडारण करने वाले विक्रेताओं पर कार्रवाई के निर्देश

विकास कार्यों की गुणवत्ता से लेकर कानून-व्यवस्था तक की समीक्षा; पात्रों को बांटे सरकारी योजनाओं के लाभ

फर्रुखाबाद,02 नवंबर( हि.स.)। किसानों को खाद के लिए भटकना पड़े या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत चुकानी पड़े, इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग और अवैध भंडारण करने वाले विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं, अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की ढिलाई न हो।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। शासन की मंशा है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा।

खाद की उपलब्धता में न हो कोई बाधा

उर्वरक वितरण की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी सहकारी समिति में खाद का भंडारण शून्य नहीं रहना चाहिए। किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार समय से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। निजी विक्रेताओं की दुकानों पर ओवररेटिंग, अवैध भंडारण और नियम विरुद्ध वितरण की शिकायत मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सहायक आयुक्त एवं निबंधक को खाद की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

सामूहिक विवाह में अपात्रों को न मिले जगह

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि योजना का लाभ केवल निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले परिवारों को ही दिया जाए। लाभार्थियों के चयन में नियमों का कड़ाई से पालन हो। फैमिली आईडी योजना की प्रगति में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

सड़क और बिजली व्यवस्था पर भी सख्ती

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नई सड़कों के निर्माण और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी कर मानकों के अनुरूप काम कराया जाए। दीपावली के मद्देनजर विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोकल फॉल्ट और तकनीकी खराबी से बिजली बाधित होने पर शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने को कहा।

किसी को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल तो किसी को मिली आवास की चाबी

समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, कृषि यंत्र, मिनी किट, नियुक्ति पत्र और आवास की चाबियां वितरित की गईं। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के पांच लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दी गईं। उद्यान विभाग के पांच लाभार्थियों को चेक और 10 को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कृषि विभाग के दो लाभार्थियों को कृषि यंत्र और पांच को मिनी किट दी गईं।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रिवॉल्विंग फंड के चेक वितरित किए गए। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, तीन सफाई कर्मियों को नियुक्ति पत्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के दो लाभार्थियों को नवनिर्मित आवासों की चाबियां सौंपी गईं। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पांच लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक दिए गए।

बैठक में सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा मौजूद रहे। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने दीपावली के अवसर पर प्रभारी मंत्री को भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमा भेंटकर स्वागत किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story