अल्पसंख्यक समाज सपा-कांग्रेस की जागीर नहीं : सैफुल अब्बास

WhatsApp Channel Join Now
अल्पसंख्यक समाज सपा-कांग्रेस की जागीर नहीं : सैफुल अब्बास


-सड़क पर नमाज करने से रास्ता बाधित, जो इस्लाम के मूल भावना के खिलाफ है : सैफुल अब्बास

प्रयागराज,20 मई (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) काशी क्षेत्र अल्पसंख्यक मोर्चा के मंत्री सैफुल अब्बास ने बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सर्किट हाउस में बैठक की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर हमने अंधेरों में जंग जीत कर कमल खिलाया है और जिसके कारण हमारी 22 राज्यों में आज भाजपा एवं सहयोगी दलों की सरकार है। हम कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में उत्तर प्रदेश की विधानसभा में जीत का हैट्रिक लगाएगें। उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक समाज सपा-कांग्रेस की जागीर नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता अल्पसंख्यक समाज के बीच में जाए और भारतीय जनता पार्टी के डबल इंजन की सरकार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा करें और उनके लाभ बताएं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ जनकल्याण के कार्य कर रही है। कहा कि कांग्रेस सपा और उसके सहयोगी दल मुस्लिम समाज को सिर्फ अपना वोट बैंक समझते हैं। उन्हें प्रयोग कर सत्ता प्राप्त करने का साधन मानते हैं। लेकिन अल्पसंख्यक समाज मुस्लिम समाज उनकी जागीर नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में आज कानून का राज है और अमन चैन कायम है। कुछ लोग सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं। प्रदेश के अंदर साम्प्रदायिक वातावरण बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जबकि इस्लामी शिक्षाओं और शरिया के अनुसार,सड़क पर नमाज करना इसे ‘नापसंद’ माना गया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि इस्लाम में दूसरों को असुविधा पहुंचाने की सख्त मनाही है। यदि सड़क पर नमाज पढ़ने से लोगों का रास्ता रुकता है, ट्रैफिक जाम होता है या किसी को परेशानी होती है, तो यह शरीयत के सिद्धांतों के विरुद्ध हो जाता है।

उन्होंने कहा कि नमाज पढ़ने की सही जगह मस्जिद, ईदगाह या घर है। सड़क केवल आवागमन के लिए बनाई गई हैं, न कि इबादत के लिए। उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं में साफ कहा गया है कि किसी भी रूप में दूसरों को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए यदि सड़क पर नमाज से आम लोगों का रास्ता रुकता है, तो यह इस्लाम के मूल भावना के खिलाफ है।

राजेश केसरवानी ने बताया कि बैठक का संचालन सुशील जैन ने किया। इस अवसर पर सुशील जैन, राजेश केसरवानी, इमरान राशीद, कुर्बान अली, मोहम्मद असलम, ऐनुलहक, साजन अब्राहिम, वसीम खान, कुमारी शकील जावेद, रविंद्र जैन अमर चंद्र जैन, शत्रुघ्न जायसवाल आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story