वैश्विक मंच पर चमका यूपी, हर घर रोशनी की सरकार की नीति को मिली अन्तरराष्ट्रीय मान्यता

WhatsApp Channel Join Now
वैश्विक मंच पर चमका यूपी, हर घर रोशनी की सरकार की नीति को मिली अन्तरराष्ट्रीय मान्यता


नासा के वर्ल्ड नाइट मैप में उत्तर प्रदेश की दमक, ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि

लखनऊ, 20 अप्रैल (हि.स.)। नासा की ओर से जारी वर्ल्ड नाइट मैप में उत्तर प्रदेश का दुनिया के सबसे अधिक रोशन क्षेत्रों में प्रमुखता से उभरना प्रदेश की विद्युत व्यवस्था के लिए एक अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। यह केवल रोशनी का आंकलन नहीं, बल्कि प्रदेश में बिजली की पहुंच, विश्वसनीयता और व्यापकता का अंतरराष्ट्रीय प्रमाण है। यह दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश अब ऊर्जा उपलब्धता के मामले में एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। इस वैश्विक मान्यता के पीछे प्रदेश सरकार की सतत प्रतिबद्धता और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के नेतृत्व में किए गए व्यापक सुधारों की अहम भूमिका रही है।

राज्य में पिछले कुछ वर्षों में विद्युत उत्पादन क्षमता में रिकॉर्ड वृद्धि की गई है, जिससे बढ़ती मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया जा रहा है। साथ ही, दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्रोतों से बिजली की उपलब्धता को भी मजबूत किया गया है। घाटमपुर तापीय विद्युत परियोजना की तीसरी इकाई का सफल सिंक्रनाइजेशन इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। ट्रांसमिशन और वितरण प्रणाली में अभूतपूर्व सुधार करते हुए प्रदेश में नई उपकेंद्रों की स्थापना, जर्जर लाइनों का आधुनिकीकरण और अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है। इससे न केवल बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और निर्बाध हुई है, बल्कि लाइन लॉस में भी उल्लेखनीय कमी आई है, जो सीधे तौर पर उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचा रही है।

नासा का यह आकलन उत्तर प्रदेश की ऊर्जा नीति, प्रबंधन क्षमता और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण की वैश्विक स्वीकृति है। यह उपलब्धि न केवल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है, बल्कि भविष्य में ऊर्जा क्षेत्र में और अधिक निवेश, नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत आधार भी प्रदान करती है।

राज्य सरकार के प्रवक्ता का कहना है कि उपभोक्ताओं को अब अपनी बिजली खपत की रियल-टाइम जानकारी मिल रही है, वहीं विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। प्रदेश में आज “सबको बिजली, पर्याप्त बिजली और गुणवत्तापूर्ण बिजली” का संकल्प साकार होता दिखाई दे रहा है। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होने से कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र को नई गति मिली है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story