मोदी सरकार के 12 वर्षों में मध्य वर्ग हुआ सबसे अधिक सशक्त : अनुराग ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्षों में मध्य वर्ग हुआ सबसे अधिक सशक्त : अनुराग ठाकुर


कानपुर, 16 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है तथा इन बदलावों का सबसे बड़ा लाभ देश के मध्य वर्ग को मिला है। बढ़ती आय, बेहतर अवसर, डिजिटल सशक्तीकरण और पारदर्शी व्यवस्था ने करोड़ों परिवारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का काम किया है। यह बातें मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहीं।

मर्चेंट चेम्बर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में अनुराग ठाकुर ने प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के समय देश कई सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा था। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक तंत्र विकसित किया है।

उन्होंने कहा कि टैक्स सुधार, डिजिटल गवर्नेंस, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, शिक्षा, कौशल विकास, आवास योजनाओं और आधुनिक आधारभूत संरचना ने देश को नई दिशा दी है। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और डिजिटल पारदर्शिता बढ़ाने से सुशासन को मजबूती मिली है। महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों, दलितों, आदिवासियों, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का व्यापक प्रभाव देखने को मिला है।

कार्यक्रम को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और सांसद रमेश अवस्थी ने भी संबोधित किया। सम्मेलन के दौरान पद्मश्री आशुतोष शर्मा, आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, प्राचार्य नीरू टंडन समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही लाभार्थियों को मकानों की चाबियां, टूल किट और आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।

विकसित भारत संकल्प सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की, जबकि संचालन नवाब सिंह ने किया।

कार्यक्रम में एमएलसी सलिल विश्नोई, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, सुरेश अवस्थी, डॉ दिवाकर मिश्रा, विनोद शुक्ला, डॉ रेनू गहलोत, गुरविंदर सिंह छाबड़ा, अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, सीमा एमबीए, सत्यम गुप्ता, धीरज बाल्मीकि, मोनेन्द्र राजपूत, वास्ते त्रिपाठी, प्रशांत त्रिपाठी, कौशलेंद्र सिंह परिहार, सुरेश गुप्ता, अभिमन्यु सक्सेना, जीतू कश्यप, पूनम कंवर, राधा सैनी, अतुल दीक्षित, देवेंद्र दीक्षित, राघव द्विवेदी, प्रभाकर अवस्थी, उपेंद्र शुक्ला सहित सैकड़ों प्रबुद्ध वर्ग के लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story