संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान
औरैया, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते एक अधेड़ ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोठी कुसमरा निवासी दीप सिंह (53) पुत्र राम प्रसाद ने रविवार सुबह करीब 11 बजे घरेलू विवाद के चलते शराब के साथ सल्फास का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।
बिधूना थाना के रुरुगंज चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की कोई सूचना पुलिस को नहीं मिली है। जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

