घर की बिजली ठीक करते समय टीन शेड में उतरा करंट, अधेड़ की मौत
कानपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित मालौं गांव में घर की बिजली ठीक करते समय टीन शेड में उतरे करंट की चपेट में आने से घड़ी फैक्ट्री कर्मी की शनिवार को मौत हो गई। सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।
मालौं गांव निवासी राजेंद्र राठौड़ उर्फ मुन्ना (55) घड़ी फैक्ट्री में काम करते थे। परिवार में पत्नी नीलम, बेटा आयुष और बेटी शुभी हैं। बड़ी बेटी खुशी की शादी हो चुकी है। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण शनिवार काे राजेंद्र काम पर नहीं गए थे। दोपहर में वह घर की खराब बिजली ठीक कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, राजेंद्र दरवाजे पर लगी एमसीबी को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान बिजली का तार पास में लगे टीन शेड से छू गया। तार के संपर्क में आने से शेड में करंट उतर गया और राजेंद्र उसकी चपेट में आ गए। उन्हें करंट से चिपका देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डंडी की मदद से टीन शेड से अलग किया। इसके बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजन आनन-फानन उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन मंधना स्थित रामा अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी, जिसके बाद राजेंद्र को कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। जांच-पड़ताल की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजाकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

