मारपीट में घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत
देवरिया, 08 जून (हि.स.)। देवरिया जनपद के बनकटा थाना क्षेत्र के पकड़ी नरैया गांव निवासी एक अधेड़ की मारपीट में घायल होने के बाद इलाज के दौरान लखनऊ में सोमवार को मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
क्षेत्राधिकारी अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि बनकटा थाना क्षेत्र के पकड़ी नरैया गांव निवासी प्रकाश लाल श्रीवास्तव (50) पुत्र कन्हैया लाल 03 जून को बाइक से कहीं जा रहे थे । रास्ते में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि परिजन उन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के पीजीआई रेफर किया गया, जहां सोमवार को चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।उन्होंने बताया कि मृतक अपने पीछे पत्नी मीरा देवी, पुत्र आदेश और प्रभात को छोड़ गए हैं। उनकी दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है।
प्रकाश लाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

