सरकारी हैंडपंप में उतरे करंट से अधेड़ की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी हैंडपंप में उतरे करंट से अधेड़ की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम


आरोपितों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद शांत हुए ग्रामीण

झांसी, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला झांसी टोडी फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पण्डवाहा के पास सरकारी हैंडपंप में करंट उतरने से एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने शव को मऊरानीपुर-गुरसरांय मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे करीब दो घंटे से अधिक समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। परिजनों का आरोप था कि सरकारी हैंडपंप पर कब्जा होने के चलते उसमें करंट उतर आया था। इसी कारण घटना होना बताया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार ग्राम विक्रमपुरा सानी निवासी चतुर्भुज पाल (50) पुत्र दीनदयाल पाल शनिवार शाम लगभग छह बजे घर के बाहर लगे सरकारी हैंडपंप से पानी भरने पहुंचे थे। इसी दौरान हैंडपंप में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शाम तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शाम करीब पांच बजे पण्डवाहा पुलिस चौकी के सामने मऊरानीपुर-गुरसरांय मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण कार्रवाई और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर जितेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता कर उन्हें न्याय के लिए आश्वस्त किया। इसके बाद सियाराम पाल की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम विक्रमपुरा निवासी अनिल पटेल और पृथ्वी सिंह पटेल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद शाम करीब साढ़े सात बजे जाम समाप्त हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story