एमजीयूजी के कृषि विद्यार्थियों ने केंद्रीय भंडार गृह व एफसीआई का किया शैक्षणिक भ्रमण

WhatsApp Channel Join Now
एमजीयूजी के कृषि विद्यार्थियों ने केंद्रीय भंडार गृह व एफसीआई का किया शैक्षणिक भ्रमण


एमजीयूजी के कृषि विद्यार्थियों ने केंद्रीय भंडार गृह व एफसीआई का किया शैक्षणिक भ्रमण


गोरखपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) के कृषि संकाय के विद्यार्थियों ने शनिवार को केंद्रीय भंडार गृह तथा भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) नकहा का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य भंडारण प्रणाली, खाद्यान्न प्रबंधन तथा आपूर्ति श्रृंखला की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करना था।

शैक्षणिक भ्रमण का नेतृत्व कृषि संकाय के प्राध्यापक डॉ. आयुष कुमार पाठक ने किया। भ्रमण के दौरान केंद्रीय भंडार गृह के प्रबंधक राहुल चौहान ने विद्यार्थियों को भंडारण से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक प्रदान कीं। उन्होंने गोदाम प्रबंधन, अनाज के वैज्ञानिक भंडारण, गुणवत्ता नियंत्रण, कीट प्रबंधन तथा आधुनिक भंडारण तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया। डिप्टी मैनेजर आनंद गुप्ता ने खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण तथा रख रखाव से संबंधित सावधानियों पर प्रकाश डाला।

इसी क्रम में भारतीय खाद्य निगम के गुणवत्ता नियंत्रक अजय प्रकाश ने एफसीआई के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार एफसीआई देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण एवं वितरण के माध्यम से आमजन तक खाद्य आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है। विद्यार्थियों ने भंडारण प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा अनाज की सुरक्षित ढुलाई एवं वितरण प्रणाली को समझा। इस अवसर पर अनुज पांडेय, प्रभाकर पांडेय, अदिति किशोर, रविशंकर यादव अखिलेश मौर्य, अभय तथा कृषि संकाय के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story