प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का पर्व है दीपावली : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का पर्व है दीपावली : कुलपति


कानपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली केवल दीपों और रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। हमें अपने जीवन में ज्ञान, विवेक, करुणा और मानवता का दीप जलाने के साथ सत्य, धर्म और मर्यादा के आदर्शों को अपनाना चाहिए। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने दीपावली के अवसर पर जारी अपने शुभकामना संदेश में कहीं।

उन्होंने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति से जुड़ा पर्व है। यह हमें त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने की सीख देता है। वर्तमान समय में इन जीवन मूल्यों को अपनाना और भी जरूरी हो गया है। विद्यार्थियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना या रोजगार पाना नहीं, बल्कि संवेदनशील, जिम्मेदार और चरित्रवान नागरिक बनना भी है। विद्यार्थी ज्ञान, अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रदूषण रहित, सुरक्षित और हरित दीपावली मनाने की अपील की।

कुलपति ने अभिभावकों से बच्चों को प्रेम, विश्वास और सकारात्मक वातावरण देने तथा उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी जरूरतमंद और वंचित लोगों के जीवन में भी खुशियां बांटने में है।

शिक्षकों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि उनका दायित्व विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनमें मानवीय मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक चेतना का विकास करना भी है। शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के प्रयास जारी रहने चाहिए।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से उन्होंने सामूहिक प्रयास, समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्थान की प्रगति में प्रत्येक सदस्य का योगदान महत्वपूर्ण है। अंत में कुलपति ने प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए सभी से सुरक्षित, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण दीपावली मनाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774104 Articles

Share this story