बूंदाबांदी और तेज हवाओं से छह डिग्री गिरा पारा, बारिश के साथ ओलावृष्टि के आसार



कानपुर, 19 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से वातावरण में बराबर नमी बनी हुई है और आसमान में बादल भी छाये हुए हैं। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम हवाओं के चलने से बूंदाबांदी और हल्की बारिश भी हो रही है, जिससे रविवार को छह डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान गिर गया। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा और हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। ऐसे में किसान भाई अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रख लें।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरपूर्वी राजस्थान पर बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। एक ट्रफ तेलंगाना पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से छत्तीसगढ़ होते हुए उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, आंतरिक ओडिशा, झारखंड और पूर्वी बिहार तक जा रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण असम और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है।

बताया कि अधिकतम तापमान 25.8 और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 92 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 79 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.9 किमी प्रति घंटा रही।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय सिंह

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story