घर की कच्ची छत भरभरा कर ढही, मलबे में दबकर वृद्धा की मौत

WhatsApp Channel Join Now
घर की कच्ची छत भरभरा कर ढही, मलबे में दबकर वृद्धा की मौत


क्षेत्रीय विधायक गांव पहुंच कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का दिया भरोसा

फतेहपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को बरामदे में बंधी बकरियों को खोलते समय घर की कच्ची छत भरभरा कर ढह जाने से वृद्धा की मलवे में दब कर मौत हो गयी। घटना की सूचना पर लेखपाल व क्षेत्रीय विधायक मौके पर पहुंचे।

जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्ली निवासी राम बहादुर उत्तम के घर से जुड़ा बड़े भाई स्व. राम औतार का घर है। बरामदे में राम बहादुर की बकरियां बंधी थीं। राम बहादुर की पत्नी विष्मा देवी (55) अपने जेठ के बरामदे में बकरियाें काे चारा खिलाने के लिए गई थी। इसी बीच अचानक बरामदे की कच्ची छत भर-भराकर गिर गई जिसमें वृद्धा मलवे में दब गयी। जब तक परिवार व मोहल्ले के लोग पहुंचकर मलवा हटाते कि उनकी मौत हो गई। वहीं, बकरियाँ बरामदे में खड़े ट्राली रिक्शा के नीचे हो जाने से वह बाल बाल बच गयी।

घटना की सूचना पर थाना प्रभारी योगेश कुमार उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। सूचना पर हल्का लेखपाल मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपने की बात कही है।

क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल घटना की सूचना पर गांव चिल्ली पहुंच कर शोकाकुल परिवार से मिल कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त किया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story