मकान में फंदे पर लटका मिला युवक का शव, हत्या का आराेप

WhatsApp Channel Join Now
मकान में फंदे पर लटका मिला युवक का शव, हत्या का आराेप


औरैया, 08 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर कोतवाली क्षेत्र के अबाबर गांव में मंगलवार सुबह युवक का शव एक सुनसान पड़े मकान में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर शिवम की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।

अबाबर गांव निवासी सत्यनारायण के सात बेटों में शिवम (18) सबसे छोटा था। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के एक सुनसान मकान में फांसी के फंदे से लटका मिला। शव देखकर पिता ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।

परिजनों के अनुसार, 26 अगस्त को शिवम का गांव के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने शिवम के साथ मारपीट की और हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फंदे पर लटका दिया है। पिता ने इस मामले में पहले पुलिस से शिकायत किए जाने की बात भी कही है।

दिबियापुर कोतवाल राजकुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शिवम का अपनी बहन से विवाद होने की बात सामने आई है। आत्महत्या की आशंका भी है। हालांकि, परिजनों के हत्या के आरोपों को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story