राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कस्तूरबा विद्यालय और जिला कारागार का निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कस्तूरबा विद्यालय और जिला कारागार का निरीक्षण किया


राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कस्तूरबा विद्यालय और जिला कारागार का निरीक्षण किया


श्रावस्ती, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने दो दिवसीय कार्यक्रम के आखिरी दिन शुक्रवार को हरिहरपुररानी विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ छात्राओं से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और पढ़ाई के प्रति उन्हें प्रोत्साहित किया। इसके अलावा जिला कारागार का भी निरीक्षण किया है।

निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रियंका मौर्या ने छात्राओं को दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता परखी तथा उनके भविष्य के उद्देश्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही रसोईघर, कार्यालय, गैलरी, परिसर और छात्रावास का निरीक्षण कर भोजन, नाश्ते और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन और सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा तैनात कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल पर रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।

डॉ. प्रियंका मौर्या ने कहा कि समाज के विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार गरीब और जरूरतमंद बालिकाओं को निशुल्क शिक्षा के साथ छात्रावास, भोजन, कॉपी-किताब और यूनिफॉर्म जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, ताकि बेटियां शिक्षित होकर अपना भविष्य संवार सकें।

इसके बाद राज्य महिला आयोग की सदस्य ने जिला कारागार श्रावस्ती का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बंदियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और जेल अधीक्षक को शासन की ओर से निर्धारित सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने महिला बंदियों और उनके बच्चों को कंबल वितरित किए। साथ ही जेल प्रशासन को महिला बंदियों के बच्चों की देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विद्यालय की वार्डेन, शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्राएं मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784036 Articles

Share this story