एमपीएलएडीएस के कार्यक्षेत्र का हो विस्तार, स्थानीय जरूरतों के आधार पर तय हों विकास कार्य : रमेश अवस्थी
कानपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। एमपीएलएडीएस के तहत होने वाले विकास कार्यों में स्थानीय जरूरतों और क्षेत्र की परिस्थितियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जरूरी है। यह बातें कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को नई दिल्ली में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडीएस) संबंधी लोकसभा समिति की बैठक में कहीं।
वर्ष 2026-27 की प्रथम बैठक में समिति के कार्यक्षेत्र के विस्तार समेत सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। सांसद रमेश अवस्थी ने जनहित और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दे रखते हुए कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतें अलग होती हैं, इसलिए विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करते समय स्थानीय परिस्थितियों और जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एमपीएलएडीएस के माध्यम से सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल निकासी समेत बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने से लोगों को सीधा लाभ मिल सकता है। स्वीकृत योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारने के साथ उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
सांसद ने विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी, जब उसका वास्तविक लाभ नागरिकों तक पहुंचे। बैठक में समिति के कार्यक्षेत्र के विस्तार सहित स्थानीय आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

