मेगा सहायता शिविर का आयोजन, योजनाओं के उपहार पाकर लाभार्थी हुए गदगद
फतेहपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा मेगा सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय, पलाश गांगुली सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिलाधिकारी ज़िला विकास अधिकारी व समस्त न्यायिक अधिकारी उपस्थित थे।
मेगा शिविर में राज्य के विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे जन कल्याणकारी योजनाओं के चिन्हित लाभार्थियों को योजनाओं के लाभ वितरित किया गया। चिन्हित लाभार्थियों में महिलाएँ, बच्चे, दिव्यांग जन, संगठित क्षेत्र के मज़दूर, अनुसूचित जाति जनजाति के व्यक्ति आदि शामिल थे। वृद्धा पेंशन योजना, उज्जवला योजना, कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री सौर्य घर योजना, दिव्यांग जन सशक्तिकरण योजना, विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री युवा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आदि के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। मेगा शिविर में जनपद के चिकित्सा विभाग द्वारा शिविर में आने वाले लाभार्थियों का निशुल्क इलाज किया गया। शिविर में जिला कारागार में बंदियों द्वारा बनाये गये उत्पादों का भी स्टॉल लगाया गया।
वहीं शिविर में राज्य के विभिन्न विभागों के भी स्टॉल लगे थे जिसमें भारी मात्रा में लाभार्थियों ने आकर जानकारी प्राप्त की एवं विभागों द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अपना पंजीकरण कराया। मेगा शिविर में दो हजार से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभान्वित किया गया। यह मेगा शिविर न्यायपालिका, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के मध्य समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बना। सहायता प्राप्त लाभार्थियों मे उत्साह और खुशी का महौल रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

