वृहद दिव्यांग मेला, एक ही स्थान पर मिलेंगी रोजगार और स्वरोजगार की सुविधाएं : सीडीओ

WhatsApp Channel Join Now
वृहद दिव्यांग मेला, एक ही स्थान पर मिलेंगी रोजगार और स्वरोजगार की सुविधाएं : सीडीओ


कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। दिव्यांगजनों को रोजगार, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। यह बातें शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने वृहद दिव्यांग मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कहीं।

जनपद के दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तीन से 10 अगस्त तक विशेष दिव्यांग रोजगार एवं स्वरोजगार अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत चार अगस्त को पांडुनगर स्थित राजकीय आईटीआई परिसर में वृहद दिव्यांग मेले का आयोजन होगा। इसमें सरकारी विभागों और निजी संस्थाओं के सहयोग से लगभग एक हजार दिव्यांगजनों को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, बैंक ऋण और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की तैयारी की गई है।

अभियान के दौरान पात्र दिव्यांगजनों को उनकी योग्यता, रुचि और आवश्यकता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, माटीकला टूल किट योजना, खादी ग्रामोद्योग योजना, ओडीओपी सहित विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन भी मौके पर कराए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जे. जैन की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

चार अगस्त को आयोजित होने वाले मेले में सरकारी विभागों के अलावा डॉ. रेड्डी फाउंडेशन, जोमैटो मीडिया प्रा. लि., केएमजी इंटरप्राइजेज प्रा. लि., शैडो फैक्स टेक्नोलॉजी प्रा. लि., वर्क सेतु, सन पावर एनर्जी रेनोवेशन, एस वर्ड, प्रविक बुलटेक, जीटीवी हॉस्पिटल, आश्रय कम्युनिटी हॉस्पिटल और कैम्ब्रिज हाईस्कूल सहित कई निजी संस्थाएं भी प्रतिभाग करेंगी।

जिला प्रशासन ने इच्छुक दिव्यांगजनों से चार अगस्त को आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो और शैक्षिक योग्यता के प्रमाण-पत्रों के साथ पांडुनगर स्थित राजकीय आईटीआई परिसर पहुंचने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन के मोबाइल नंबर 7991200207, 7991200206 और 8279939115 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story