बाढ़ सुरक्षा संबंधी कार्यों को गुणवत्ता के साथ संपादित करें : स्वतंत्र देव सिंह
स्वतंत्र देव सिंह ने की बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा, सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देशलखनऊ, 15 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में रविवार को सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के सभागार में बाढ़ से संबंधित कार्यों की तैयारी एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में देवीपाटन मंडल के अंतर्गत जनपद गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच तथा अयोध्या मंडल के अंतर्गत बाराबंकी, अयोध्या एवं अम्बेडकरनगर जनपदों में संचालित बाढ़ सुरक्षा एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ बचाव से संबंधित सभी आवश्यक कार्य 15 जून से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं, जिससे संभावित बाढ़ की स्थिति में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सभी अभियंता एवं संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करें। जलशक्ति मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी इंजीनियरों की तैनाती समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों को पूरी संवेदनशीलता एवं उच्च गुणवत्ता के साथ संपादित किया जाना चाहिए, ताकि जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने विगत नौ वर्षों में इन क्षेत्रों में बाढ़ से बचाव हेतु कराए गए कार्यों तथा उनके प्रभाव का भी आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व में कराए गए कार्यों की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएं।
प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनिल गर्ग ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने जनपदों में क्रिटिकल स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य तत्काल कराए जाएं। साथ ही संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक उपकरण, सामग्री एवं अन्य संसाधनों का पर्याप्त रिजर्व स्टॉक भी उपलब्ध रखा जाए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रबंधन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में विभाग के मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता तथा देवीपाटन मंडल, तथा अयोध्या मंडल के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंताओं ने सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

