युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप से रोजगार के अवसर होंगे उपलब्ध : मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप से रोजगार के अवसर होंगे उपलब्ध : मुख्य सचिव


लखनऊ, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को राज्य स्तरीय संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन, अप्रेंटिसशिप, इंटर्नशिप एवं रोजगार के व्यापक अवसर होंगे उपलब्ध होंगे। इसके लिए प्रस्तावित योजना का क्रियान्वयन विभिन्न विभागों के प्रभावी अभिसरण, उद्योगों की सक्रिय सहभागिता तथा परिणाम-आधारित कार्यप्रणाली के साथ सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक विभाग की भूमिका एवं उत्तरदायित्व स्पष्ट रूप से परिभाषित किए जाएँ तथा चरणबद्ध कार्ययोजना, वित्तीय आवश्यकताओं, संस्थागत व्यवस्थाओं एवं कार्यान्वयन तंत्र का विस्तृत प्रस्ताव निर्धारित समयावधि में तैयार कर अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया जाए।

बैठक में राज्य, जनपद एवं क्लस्टर स्तर पर प्रभावी चार-स्तरीय मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने, डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से वास्तविक समय में प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने तथा उद्योगों, एमएसएमई, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से प्रदेश में एक सुदृढ़, उद्योगोन्मुख एवं रोजगारपरक कौशल विकास पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। इससे पहले बैठक में प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग डॉ. हरि ओम द्वारा सम्बन्धित राज्य स्तरीय प्रस्तुतीकरण किया गया।

प्रस्तुतीकरण के पश्चात बैठक में विद्यालयी शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार तक एक समग्र एवं एकीकृत स्किलिंग इकोसिस्टम विकसित करने के विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में प्रमुख सचिव व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग, सचिव उच्च शिक्षा विभाग, महानिदेशक स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक, विशेष सचिव श्रम एवं सेवायोजन विभाग, निदेशक सेवायोजन तथा निदेशक प्रशिक्षण निदेशालय के साथ-साथ माध्यमिक शिक्षा, विशेष सचिव, प्राविधिक शिक्षा, इन्वेस्ट यूपी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story