शिक्षामित्र संघ की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षामित्र संघ की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर


गोरखपुर, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ की एक आवश्यक बैठक रविवार काे पंत पार्क में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और विस्तार को लेकर अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राम नगीना निषाद ने की, जबकि संचालन जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश कुमार ने किया।

बैठक में निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर सक्रिय और ऊर्जावान शिक्षामित्रों को जिम्मेदारी देने पर सहमति बनी। इसी क्रम में खोराबार ब्लॉक के शिक्षामित्र सुभाष को ब्लॉक अध्यक्ष तथा सीमा को महिला प्रकोष्ठ का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

जिला अध्यक्ष राम नगीना निषाद ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत सभी शिक्षामित्रों से रसीद कटवाकर वास्तविक सदस्य संख्या का आकलन किया जाएगा। इससे संगठन के लिए एक कोष भी तैयार होगा, जो भविष्य की गतिविधियों में सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों की समस्याओं को संगठन मजबूती से सरकार के समक्ष उठा रहा है और सरकार भी उन पर विचार कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षामित्रों को भी भविष्य में शिक्षकों के समान सम्मान और सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही विभागीय टीईटी में शिक्षामित्रों को शामिल करने की मांग भी दोहराई।

बैठक में बड़ी संख्या में शिक्षामित्रों ने भाग लिया और संगठन की एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story