बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना भाजपा की प्राथमिकता : शंकर लाल लोधी

WhatsApp Channel Join Now
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना भाजपा की प्राथमिकता : शंकर लाल लोधी


कानपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने के लिए विधानसभा चुनाव तक व्यापक प्रवास किया जाएगा। क्षेत्र के 17 जिलों के 22,260 बूथों पर राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्रीय और जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। मतदाता जोड़ो अभियान के जरिए नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। यह बातें बुधवार को को भाजपा के प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी ने क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में कहीं।

भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय पदाधिकारियों और क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्यों की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक अभियानों की रूपरेखा तय की गई। मुख्य अतिथि शंकर लाल लोधी ने विभिन्न अभियानों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को सक्रियता से जुटने का आह्वान किया।

झारखंड के संगठन मंत्री पवन साय विधानसभा चुनाव तक क्षेत्र के सभी 17 जिलों और 52 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। इस दौरान वह संगठन की गतिविधियों, अभियानों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।

पवन साय ने बताया कि 22, 23 और 24 नवंबर को पूरे क्षेत्र में विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इसमें पदाधिकारी जिला, विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर पर पहुंचकर नए मतदाताओं को जोड़ेंगे और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए काम करेंगे।

संगठन की बूथ आधारित रणनीति के तहत सभी 22,260 बूथों पर राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्रीय और जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं को एक-एक बूथ की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नेतृत्व को सीधे बूथ कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से जोड़ना है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने बताया कि महिला और युवा मोर्चा को भी मतदाता जोड़ो अभियान की जिम्मेदारी दी गई है। महिला मोर्चा 28, 29 और 30 नवंबर को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने का अभियान चलाएगा। वहीं युवा मोर्चा एक, दो और तीन दिसंबर को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने के लिए विशेष अभियान चलाएगा।

बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री शिव सिंह भारती, पवन प्रताप सिंह, अखिलेश नाथ दीक्षित, अर्चना त्रिपाठी, अरविंद मुखिया, वीरेंद्र तिवारी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, डॉ. संजय सिंह, हर्ष द्विवेदी, संजय विश्वकर्मा और आशा पाल सहित सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story