महिला कर्मियों के स्वास्थ्य व प्रशिक्षण पर बैठक, सहयोग की पहल : महापौर

WhatsApp Channel Join Now
महिला कर्मियों के स्वास्थ्य व प्रशिक्षण पर बैठक, सहयोग की पहल : महापौर


कानपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। महिला सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है। सीपीआर प्रशिक्षण और स्वास्थ्य जांच शिविर से उन्हें सीधा लाभ मिलेगा। समाजिक संगठनों का सहयोग इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकता है। जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी लेना भी एक सराहनीय पहल होगी। नगर निगम हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। यह बातें मंगलवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने कही।

नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में आज महापौर की अध्यक्षता में फिक्की फ्लो (फिक्की महिला संगठन) के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन की अध्यक्ष अंकिता गर्ग ने महिला सफाई कर्मियों के लिए सीपीआर प्रशिक्षण कार्यशाला, ब्रेस्ट कैंसर, आई चेक-अप, शुगर और बीपी जांच के लिए हेल्थ कैंप लगाने तथा एक पार्क सुंदरीकरण के लिए उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।

महापौर ने संगठन से ऐसे बच्चों को गोद लेकर उनकी शिक्षा और देखभाल की व्यवस्था करने का सुझाव दिया, जिनके माता-पिता नहीं हैं। इस पर संगठन की ओर से बताया गया कि उनके सदस्यों के स्कूलों में ऐसे बच्चों को प्रवेश दिलाया जा सकता है। साथ ही निर्धन महिलाओं के लिए सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण और स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने की जानकारी भी दी गई।

बैठक में महापौर ने पार्क सुंदरीकरण के लिए अधिशासी अभियंता उद्यान दिवाकर भास्कर को निर्देश दिए, वहीं महिला सफाई कर्मियों की सूची उपलब्ध कराने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शंखवार को कहा।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त मो. आवेश, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनमोहन आर्या, सुषमा सिंह, आयुषी टंडन, शेफाली राज, प्रज्ञा अग्रवाल, मीनू झुनझुनवाला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story