ईज ऑफ डूइंग’ से आगे बढ़कर यूपी अब ‘स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस’ की ओर : मनोज कुमार सिंह
आगरा -फुटवियर के अंतर्राष्ट्रीय मेले, 'मीट एट आगरा' का हुआ भव्य शुभारम्भ-
मीट एट आगरा में कई देशों के फुटवियर उद्यमी जुटे एक मंच पर-
11 देशों की करीब 250 कंपनियों और विजिटर्स ने सभी को किया आकर्षित
आगरा, 03 अक्टूबर (हि.स.)। आगरा में आगरा मथुरा हाईवे पर शू ट्रेड सेंटर, सींगना में तीन दिवसीय 18वें ‘मीट एट आगरा’ का भव्य शुभारंभ
यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने किया।
फेयर में भारत समेत 11 देशों के एग्जिबिटर्स और प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। पहले दिन 4,211 विजिटर्स पहुंचे, जिनमें 1,938 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 437 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी शामिल रहे। उद्घाटन में यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने फुटवियर उद्योग में तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन, कौशल और उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया। 18वें ‘मीट एट आगरा’ में टेक्नोलॉजी, मशीनरी और नए मटीरियल्स पर फोकस करते हुए मनोज कुमार सिंह ने कहा कि ‘ईज ऑफ डूइंग’ से आगे बढ़कर यूपी अब ‘स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस’ की ओर
इस फेयर में इस बार 11 देशों की सहभागिता है। चीन की कई शू कंपनियां चीन पवेलियन में शामिल है जो इस फेयर में आकर्षण का बिंदु है।
पहले दिन ही बड़ी संख्या में उद्योग जगत से जुड़े लोगों और विद्यार्थियों ने फेयर का रुख किया।
मेले उद्घाटन सत्र में विजिटर्स,नए उद्धमी, छात्र,बाहर से आए एक्जीबिटर्स एवं अन्य आगंतुकों को संबोधित करते हुए मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आगरा का लेदर और फुटवियर उद्योग उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, निर्यात और रोजगार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वैश्विक कारोबारी परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में उद्योग को नई तकनीक, बेहतर गुणवत्ता, आधुनिक डिजाइन, उत्पादकता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए केवल उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी क्षमता और उत्पादों की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार करना होगा।उन्होंने उद्यमियों से अपील की कि वे केवल अपनी समस्याएं ही सामने न रखें, बल्कि उनके व्यावहारिक समाधान और सुझाव भी दें। इससे प्रदेश में उत्पादन, निवेश, निर्यात और रोजगार को गति देने के लिए बेहतर नीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग के बीच लगातार संवाद ही सेक्टर की चुनौतियों के समाधान का रास्ता तैयार कर सकता है। उत्तर प्रदेश अब ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ से आगे ‘स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मीट एट आगरा’ अब केवल फेयर नहीं, तकनीक और कारोबार का मंच : गोपाल गुप्ता
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने मुख्य अतिथि समेत देश-विदेश से आए एग्जिबिटर्स, प्रतिनिधियों और उद्यमियों का स्वागत किया और कहा कि किसी भी फेयर की वास्तविक सफलता तभी है, जब यहां प्रदर्शित तकनीक और नए विचार उद्योग की फैक्ट्रियों तक पहुंचें और उनका असर उत्पादन, व्यापार तथा रोजगार के रूप में दिखाई दे।
डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री (डीसीएफएलआई) के चेयरमैन एवं एफमेक कन्वीनर पूरन डावर ने कहा कि विकसित भारत का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है और इसमें आगरा के उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आगरा के पास पीढ़ियों से चला आ रहा हुनर, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम, उद्यमशीलता और बाजार से जुड़ाव मौजूद है। सही तकनीक, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और नीतिगत सहयोग मिलने पर आगरा को वैश्विक फुटवियर उद्योग के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।
18वें ‘मीट एट आगरा’ में इस बार अंतरराष्ट्रीय भागीदारी का दायरा और बढ़ा है। फेयर में भारत, अर्जेंटीना, फ्रांस, ब्राजील, चीन, जर्मनी, इटली, पुर्तगाल, स्पेन, ताइवान और वियतनाम सहित कुल 11 देशों के प्रतिनिधि और एग्जिबिटर्स हिस्सा ले रहे हैं। चाइना पवेलियन फेयर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। विदेशी प्रतिनिधियों और एग्जिबिटर्स की मौजूदगी से फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी और तकनीक के क्षेत्र में कारोबारी संपर्क और तकनीकी आदान-प्रदान के नए अवसर बने हैं।
उद्घाटन समारोह में फुटवियर और कंपोनेंट्स उद्योग में उल्लेखनीय योगदान के लिए एफमेक उत्कृष्टता सम्मान भी प्रदान किए गए।
तीन दिवसीय 18वां ‘मीट एट आगरा’ 5 अक्टूबर तक आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में आयोजित किया जा रहा है। फेयर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। आयोजन में फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी, तकनीक और औद्योगिक सहयोग से जुड़े उत्पादों और समाधानों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विवेक उपाध्याय

